उप्र / अखिलेश यादव का योगी पर तंज; बोले- अपने अपराधों का मुकदमा खुद वापस ले, ऐसा मुख्यमंत्री नहीं देखा

लखनऊ. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को जयप्रकाश नारायण की जयंती पर योगी सरकार पर बड़ा हमला बोला है। सीएम योगी का नाम लिए बगैर अखिलेश ने कहा कि, आज तक ऐसा कौन सा अपराधी था, जो सबसे ऊंची कुर्सी पर बैठ गया। कोई ऐसा मुख्यमंत्री बैठा है जो अपना मुकदमा वापस ले ले? पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री चिन्मयानंद प्रकरण को लेकर अखिलेश ने कहा कि, सरकार तेल मालिश वालों के साथ खड़ी है तभी तो शाहजहांपुर की पीड़ित लड़की को जेल भेज दिया गया। उन्होंने दोहराया कि, झांसी में बालू खनन से जुड़े पुष्पेंद्र की हत्या हुई है। यह भी याद दिलाया कि, एपल से जुड़े विवेक तिवारी लखनऊ में पुलिस वालों ने ही हत्या की थी। 



 


दरअसल, अखिलेश यादव शुक्रवार को जयप्रकाश नारायण की जयंती पर गोमतीनगर स्थित जेपी इंटरनेशनल सेंटर पहुंचे। जहां उन्होंने जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कहा कि, देश खुशहाल तभी हो सकता है जब जयप्रकाश नारायण के सिद्धांत पर चले। देश के सामने उस समय जो चुनौतियां थीं, वही आज भी हैं। महंगाई बढ़ती जा रही है, आज फिर हम सब समाजवादियों को मिलकर संपूर्ण क्रांति पर चलना होगा। 


अखिलेश ने कहा कि, पहले भाजपा के मंत्रियों ने कहा कि झांसी में मारा गया पुष्पेंद्र बालू खनन माफिया है। अब सुनने में आ रहा है कि अब सरकार के मंत्री कुछ कहने से बच रहे हैं, क्योंकि सब जानते हैं कि हत्या हुई है। उन्हें लगता है कि पुष्पेंद्र को न्याय मिल जाएगा तो लोगों का पुलिस पर से विश्वास उठ जाएगा। भाजपा की सरकार जो ठोंको की नीति से चली है। आज शासन-प्राशसन के माध्यम से हत्याएं करवाई जा रही हैं।